Next Story
Newszop

हिंदी-अंग्रेजी बहस में अशोक गहलोत का भाजपा और RSS पर बड़ा हमला, बोले - 'विरोध करने वालों के बच्चे विदेश में पढ़ रहे....'

Send Push

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अंग्रेजी बोलने वालों को अफसोस वाले बयान पर राजनीति शुरू हो गई है। पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अमित शाह के बयान पर पलटवार करते हुए अंग्रेजी के विरोध पर सवाल उठाए हैं। गहलोत ने एक्स पर लिखा- कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और हम सब भी हिंदी के पक्षधर हैं, लेकिन अंग्रेजी एक अंतरराष्ट्रीय भाषा है जो सबके लिए दुनिया के नए रास्ते खोलती है। गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा-आरएसएस के सभी लोग अंग्रेजी के खिलाफ हैं। 

हालांकि देश की जनता जानती है कि ज्यादातर केंद्रीय मंत्रियों के बच्चे विदेश में अंग्रेजी शिक्षा ले रहे हैं और यहां जनता को भ्रमित करते हैं। बचपन में करते थे अंग्रेजी का विरोध, पर हमने अपना नजरिया बदला गहलोत ने लिखा- बचपन में हम भी अंग्रेजी का विरोध करते थे, पर अंग्रेजी समय की जरूरत बन गई तो हमने भी अपना नजरिया बदला। आज कंप्यूटर, इंटरनेट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में युवा पीढ़ी अंग्रेजी के जरिए जीवन में पूरी तरह सफल हो सकती है। 

भाजपा सरकार ने कांग्रेस शासन के अंग्रेजी स्कूलों को बंद करने का प्रयास किया
गहलोत ने लिखा- राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने गरीब, मध्यम वर्ग और ग्रामीण क्षेत्रों में अंग्रेजी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए करीब 3700 महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की स्थापना की। इस निर्णय से करीब 6.50 लाख विद्यार्थियों को अंग्रेजी शिक्षा मिलने लगी। अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के लिए विशेष कैडर बनाने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए 10 हजार शिक्षकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई। राज्य की भाजपा सरकार ने इन अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को बंद करने का प्रयास किया, लेकिन जनता में इनकी लोकप्रियता के कारण ऐसा कदम नहीं उठा सकी।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने बजरी माफिया, एसआई भर्ती समेत कई मुद्दों पर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। जोधपुर में बजरी माफिया के हमले में कांस्टेबल की मौत पर उन्होंने कहा- बजरी माफिया इतना हावी हो गया है कि सरकार कुछ नहीं कर पा रही है।

Loving Newspoint? Download the app now